लुधियाना में करीब तीन साल बाद इंडस्ट्री और प्रशासन के बीच महाबैठक आयोजित होने जा रही है। जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर एसएस रेखी ने बताया कि बैठक बचत भवन में होगी। इसमें शहर के औद्योगिक संगठनों और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्योगों से जुड़े लंबित सरकारी कामों का मौके पर समाधान करना है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले ऐसी बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाती थीं, लेकिन पिछले कुछ समय से यह प्रक्रिया बंद थी। कारोबारियों की मांग के बाद जिला प्रशासन ने दोबारा इस पहल को शुरू किया है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। औद्योगिक संगठनों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। कारोबारियों ने बिजली और प्रदूषण विभाग से जुड़े मामलों के समाधान को सबसे अहम बताया है। बैठक में नगर निगम, पीएसपीसीएल, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, ग्लाडा, पीडब्ल्यूडी और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट समेत कई विभाग शामिल होंगे। उद्यमियों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित मामलों के दस्तावेज लेकर बैठक में पहुंचें, ताकि समस्याओं का जल्द निपटारा हो सके।

Source: Source