सिरसा जिले के वैदवाला गांव में मुआवजे की मांग को लेकर दो किसान जलघर की टंकी पर चढ़ गए। इनमें एक दिव्यांग किसान और खेत मालिक भूपेंद्र सिंह शामिल हैं। टंकी पर पहुंचने के बाद किसानों ने वीडियो जारी कर प्रशासन से उनकी मांग पर कार्रवाई की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि जबरन कार्रवाई की गई तो वे टंकी से छलांग लगा देंगे। भूपेंद्र सिंह ने वीडियो में अपना बीपी बढ़ा होने की बात भी कही। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद पुलिस टीम भी वहां पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। मामला बिजली टावर के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित किए जाने से जुड़ा है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन उन्हें जमीन का उचित मुआवजा नहीं दे रहा है। किसानों की मांग है कि अधिग्रहित जमीन का मुआवजा बाजार भाव के अनुसार दिया जाए। मुआवजे को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच पहले से नाराजगी बनी हुई है।

Source: Source