सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के सिंगनपाड़ गांव में सर्पदंश से 41 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सोड़ी गंगी के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह खेत में मिर्ची तोड़ रही थीं। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें कथित तौर पर तीन बार डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला की हालत तेजी से बिगड़ गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सोड़ी गंगी के पति सोड़ी दुला की पहले ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। महिला अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद बच्चों के सामने परिवार चलाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की मांग की है। घटना ने ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश से बचाव और समय पर उपचार की जरूरत को भी सामने ला दिया है।

Source: Source