छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में टीचर एवं बेटे की हत्या के आरोपी की पत्नी ने कहा कि आरोपी को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। मृतका और आरोपी की पत्नी एक ही स्कूल में पदस्थ थे। आरोपी की टीचर पत्नी ने कहा कि एक पखवाड़े पूर्व ही पति ने उसका एक करोड़ का बीमा कराया था और अगला टार्गेट वह खुद थी। आरोपी की पत्नी ने कहा कि उसे हत्याकांड के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली टीचर रजनी बरेट (40 वर्ष) और उसके बेटे सूजल बरेट (18 वर्ष) की हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी परवेश कुमार उर्फ प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा और मृतका रजनी बरेट दोनों बेलटिकरी स्कूल में टीचर थीं। दोहरे हत्याकांड के आरोपी प्रवेश कुमार की पत्नी सरिता लकड़ा ने कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोते हुए पति से सारे रिश्ते तोड़ने का ऐलान किया है। सरिता लकड़ा ने आरोपी को जल्द फांसी दिए जाने की मांग की है। सरिता लकड़ा ने दावा किया कि हत्या के करीब 15 दिन पहले ही उनके पति प्रवेश ने बिना उनकी मर्जी के टाटा एआईए कंपनी में उसका एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था। सरिता लकड़ा ने कहा कि उसका अगला टारगेट वह खुद थी। सरिता लकड़ा ने कहा कि अब उसे अपनी जान का खतरा सता रहा है। आरोपी ने इसलिए उसका एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था, ताकि मौत के बाद बीमा का सारा पैसा हड़पकर आरोपी आसानी से फरार हो सके। सरिता लकड़ा ने कहा कि घटना वाली रात भी पति ने पेंड्रा जाने का झूठ बोलकर उन्हें गुमराह किया था और इस वीभत्स वारदात की जानकारी उन्हें बाद में पुलिस के जरिए मिली। सरिता ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। हत्याकांड का आरोपी प्रवेश कुमार मूलतः हरियाणा के करनाल जिले का निवासी है। वह ऑटो पार्टस सप्लाई का कारोबार करता था और विश्रामपुर में रह रहा था। कोरोना काल में उसकी आर्थिक स्थिति खराब हुई और उसने बैंक से कारोबार के लिए 20 लाख रुपये का लोन भी लिया था। आर्थिक संकट के कारण उसे अपनी दुकान बंद करनी पड़ी। सरिता लकड़ा से संपर्क में आने के बाद दोनों वर्ष 2022 से पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। सरिता लकड़ा ने बताया कि वारदात के बाद उसने अपनी मांग का सिंदूर मिटा दिया है। सरिता लकड़ा ने कहा कि आरोपी पति प्रवेश कुमार ने कहा कि उसने इगो में रजनी बरेट की हत्या कर दी है। रजनी बरेट ने संभवतः उसे नार्मद कहा था। सरिता लकड़ा ने कहा कि हो सकता है कि दोनों के बीच अवैध संबंध रहे हों, हालांकि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी ग्रामीण सड़क के किनारे लड़के का शव मिला था। मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई। देर रात पुलिस सुजल के घर पहुंची, तो घर बंद मिला। बिश्रामपुर पुलिस ने रिश्तेदारों को मौके पर बुलाकर ताला तोड़ा तो बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेठ (40) का शव भी संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। रजनी बरेठ बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में टीचर थीं। पति से 5 साल पहले तलाक के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थीं। घटना के बाद पुलिस ने कई संदेहियों से पूछताछ की। पुलिस ने रजनी बरेठ के स्कूल में पदस्थ सरिता लकड़ा के पति परवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36) को कई सीसीटीवी की जांच के बाद संदिग्ध मानते हुए अंबिकापुर से हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसने 09 अक्टूबर को रजनी बरेट से उधार में पैसे मांगे थे। उसे पता था कि रजनी बरेठ ने भी 19 लाख रुपये का लोन लिया है। रजनी ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने पैसे हड़पने के लिए रजनी बरेट की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दौरान रजनी बरेट का बेटा सुजल ट्यूशन गया था। शाम को वह ट्यूशन से लौटा तो आरोपी उसे अपनी कार में बहाने से बैठाकर ले गया और अंबिकापुर में उसे मैगी भी खिलाया। वापसी में राईं जंगल में ले जाकर उसने सुजल बरेट की हत्या कर दी और शव को महावीरपुर में ले जाकर फेंक दिया। सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, ज्वेलरी एवं अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी की पत्नी की मामले में कोई भूमिका नहीं पाई गई है। Source: Source Post navigation नोएडा के सेक्टर 126 में भीषण आग, एक की मौत; कई दुकानें चपेट में आईं जैश-ए-मोहम्मद से तार जोड़ने के आरोप में मुंबई से रैपिडो ड्राइवर गिरफ्तार, परिजनों ने लगाया साजिश में फंसाने का आरोप