पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ में बस स्टैंड के पास स्थित ‘सोहल मोटर’ दुकान से शनिवार दोपहर करीब 12 बजे 1.10 लाख रुपये चोरी हो गए। आरोपी दुकान के गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। पहचान छिपाने के लिए उसने दुकान के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़ लिया और अपनी जेब में रख लिया। हालांकि, दुकान के पीछे लगे दूसरे कैमरे में उसकी पूरी करतूत रिकॉर्ड हो गई। दुकान मालिक परमजीत सिंह के अनुसार, घटना के समय उनके पिता दुकान पर मौजूद थे। उनके पिता जैसे ही कुछ देर के लिए बाथरूम जाने के लिए काउंटर से उठे, आरोपी ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि आरोपी पहले से सड़क के दूसरी ओर खड़ा होकर दुकान पर नजर रख रहा था। दुकान में दाखिल होने के बाद उसने महज एक मिनट के भीतर गल्ले से 1.10 लाख रुपये निकाल लिए। यह रकम स्पेयर पार्ट्स की बिक्री से मिली थी। नकदी चोरी करने और कैमरा उखाड़ने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास की दुकानों और अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी को एक ऑटो में बैठकर जाते हुए देखा गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे पकड़ने में जुटी है। दुकानदार ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस या उन्हें सूचित करें।

Source: Source