गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। ग्राम मेडुका के चौराटोला में दबिश देकर एक महिला के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित 7.2 लीटर विदेशी गोवा व्हिस्की जब्त की गई है। मामले में महिला के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आबकारी विभाग के मुताबिक, कलेक्टर विजय दयाराम के निर्देश और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी कुसुमलता जोल्हे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम मेडुका के चौराटोला निवासी पल्लवी पड़वाल अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री कर रही हैं। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जिसके दौरान महिला के कब्जे से 7.2 लीटर मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी गोवा व्हिस्की बरामद हुई। विभाग ने आरोपी महिला पल्लवी पड़वाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले को विवेचना में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में वृत्त पेंड्रा के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक जागेश्वर सिंह दाऊ के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक चंद्रभान साहू, प्रधान आरक्षक कल्याण प्रसाद कहरा, आरक्षक इंद्रभान राठौर और महिला नगर सैनिक लिपिका सिंह शामिल रहे।

Source: Source