पलवल जिले के जनौली गांव में हथियारबंद लोग एक वकील के घर में घुस गए और वकील के पिता को पिस्टल दिखाकर बेटे को जान से मारने की धमकी दी। गदपुरी थाना पुलिस ने विनय समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप के मुताबिक, पलवल कोर्ट में वकालत करने वाले अधिवक्ता नागेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 अक्टूबर को कोर्ट में लाल सिंह ने उनसे कहा था कि तू बड़ा वकील बनता है, ठिकाने लगा दूंगा। नागेश ने बताया कि 27 अक्टूबर को बिना नंबर प्लेट वाली काली स्कॉर्पियो कई बार उनके घर के सामने घूमती दिखी। 28 अक्टूबर को शाम करीब 6:30 बजे 4-5 गाड़ियां घर के सामने आकर रुकीं, जिनमें से चार लोग उतरे और घर में घुस गए। शिकायत के मुताबिक, लोगों ने अधिवक्ता नागेश के पिता धर्मवीर से पूछा कि नागेश कहां है और कहा कि लाल सिंह से झगड़े का मजा चखा देंगे। उनमें से दो लोगों के पास पिस्टल थी। उन्होंने धर्मवीर से कहा कि उनके बेटे की किस्मत अच्छी है कि वह घर पर नहीं है, वरना लाल सिंह से बदतमीजी का बदला उसे जान देकर चुकाना पड़ता। नागेश ने बताया कि उनके पिता ने हाथ जोड़कर उन्हें किसी तरह घर से भेजा। घटना का वीडियो फोन और सीसीटीवी में कैद हुआ है और इसकी पेन ड्राइव पुलिस को दी गई है। शिकायत में आरोप है कि लाल सिंह ने उन्हें मरवाने के लिए विनय और 10-15 अन्य लोगों को भेजा था। विनय पहले भी कई बार जेल जा चुका है। नागेश ने कहा कि इस घटना के बाद परिवार में उनकी पत्नी, मां और दो बच्चियां डरी हुई हैं। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई महिपाल ने बताया कि वकील की शिकायत पर विनय समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 190, 191(3), 351(3), 333 और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में टीम दबिश दे रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। Source: Source Post navigation तरनतारन के खेमकरण हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा: मुख्य आरोपी मंजीत सिंह उर्फ कट्टा गिरफ्तार, तीन अभी फरार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 7.2 लीटर अवैध शराब जब्त: महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज