हिसार के गांव लुदास में पिता-बच्चों का रास्ता रोककर मारपीट करने, अपहरण का प्रयास करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में हिसार पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव लुदास निवासी परमजीत उर्फ घोलू और गांव शाहपुर निवासी आशीष उर्फ आशु के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे बरामद किए हैं। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की और रिमांड पूरा होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गांव लुदास निवासी कृष्ण कुमार की शिकायत पर सदर थाना हिसार में केस दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 28 सितंबर 2026 को दोपहर के समय वह अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहे थे, तभी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए आरोपियों ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और अपहरण करने तथा जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी की नंबर प्लेट पर काली टेप लगाई गई थी। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी दिनेश उर्फ बानी निवासी गांव लुदास को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है और वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई किराये की स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर जेजे 16 एफबी 3581) को भी कब्जे में लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता की जांच की और उन्हें गिरफ्तार किया। रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर डंडे बरामद किए गए तथा घटनास्थल और गाड़ी की नंबर प्लेट पर टेप लगाने से संबंधित स्थान की निशानदेही भी पूरी की गई। Source: Source Post navigation गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 7.2 लीटर अवैध शराब जब्त: महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज