सोनहत ब्लॉक मुख्यालय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। स्कूल में कक्षा 6वीं से 12वीं तक 550 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बारिश के दौरान कई कमरों की छत से पानी टपकने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कार्यालय और स्टाफ रूम की स्थिति भी खराब बनी हुई है। तीन साल पहले भवन की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी। यह विद्यालय वर्ष 1970 में स्थापित हुआ था और इसकी इमारत करीब 56 साल पुरानी है। भवन की दीवारों में दरारें आ गई हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। कई कमरों के टीन शेड हवा और तूफान में खिसक चुके हैं। पक्की छत वाले भवन भी अब जर्जर हो चुके हैं और उनमें से पानी रिस रहा है। विद्यालय प्रबंधन के पास छात्रों को दूसरे भवन में स्थानांतरित करने की सुविधा नहीं है। मजबूरी में विद्यार्थियों को खराब भवनों में ही पढ़ाई करनी पड़ रही है। शिक्षकों और छात्रों ने जल्द सुधार की आवश्यकता जताई है।

Source: Source