सोनीपत जिले के बहालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित आदर्श मार्केटिंग (टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स) के वेयरहाउस परिसर में खड़े कैंटर से लाखों रुपये मूल्य के चायपत्ती के कट्टे चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दो अन्य गाड़ियों के ड्राइवरों और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में टीडीआई कुंडली निवासी और आदर्श मार्केटिंग के मैनेजर अंकित कुमार ने बताया कि 28 अक्टूबर 2026 की सुबह जब वे बहालगढ़ स्थित वेयरहाउस पहुंचे, तो वहां खड़े कैंटर के ड्राइवर सुभाष यादव ने गाड़ी से माल चोरी होने की जानकारी दी। जांच करने पर गाड़ी का तिरपाल खुली मिली और उसमें लोड माल में से टाटा प्रीमियम के 30 बोरे और टाटा अग्नि चायपत्ती के 29 बोरे गायब मिले। घटना के बाद जब वेयरहाउस और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो चोरी की पूरी वारदात सामने आ गई। फुटेज में दिखा कि लांबा ट्रांसपोर्ट की दो गाड़ियों के ड्राइवर अनुज और संदीप अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे और आरोपियों ने खड़ी गाड़ी से चायपत्ती के बोरे निकालकर अपनी गाड़ियों में लोड किए तथा मौके से फरार हो गए। मैनेजर अंकित कुमार की शिकायत पर बहालगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवरों और उनके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी किया गया माल बरामद करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

Source: Source