सोनीपत में पाम ऑयल से घटिया गुणवत्ता का पनीर तैयार करने वाली एक फैक्ट्री पर सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। देवड़ू रोड की शिव कॉलोनी में करीब 500 गज के प्लॉट में संचालित इस यूनिट में न तो साफ-सफाई का ध्यान रखा जा रहा था और न ही संचालन के लिए जरूरी मान्यता मिली हुई थी। टीम को फैक्ट्री से 180 किलोग्राम पनीर और करीब 5 हजार लीटर दूध मिला, जिसमें दूध की टंकियों पर मक्खियां बैठी हुई थीं। जांच के दौरान पनीर और दूध के चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि पनीर को नष्ट करवाया गया है। कार्रवाई के दौरान पाम ऑयल भी बरामद हुआ और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से भी कोई प्रमाण पत्र नहीं लिया गया। जानकारी के अनुसार, मुरथल के देवड़ू गांव की शिव कॉलोनी में अध्या एंटरप्राइजेज के नाम से यह फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, जिसे मधुप उर्फ मोनू चला रहा था। त्योहारों के सीजन को देखते हुए बाजार में पनीर की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए करीब एक महीने पहले ही यह यूनिट शुरू की गई थी और इसमें तीन से चार मजदूर काम करते मिले। छापेमारी के दौरान टीम को अलग-अलग टंकियों में करीब 5 हजार लीटर दूध मिला, जिसमें लगभग 4400 लीटर ठंडा दूध था, जबकि 600 लीटर दूध कढ़ाई में गर्म किया जा रहा था। यूनिट नाले के बिल्कुल साथ संचालित की जा रही थी और साफ-सफाई के जरूरी इंतजाम नहीं मिले। जांच में यूनिट में एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की जानकारी भी सामने आई, जिसे स्वास्थ्य के लिए खतरनाक बताते हुए नष्ट करवाया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के डेजिग्नेटेड ऑफिसर डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें यूनिट में घटिया गुणवत्ता का पनीर तैयार किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

Source: Source