भारतीय स्पेशल ओलंपिक फुटबॉल टीम स्वीडन में होने वाले गोथिया कप 2026 में भाग लेने के लिए रवाना हो गई है। टीम में धमतरी के खिलाड़ी सत्यांशु दीप गोथिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। नई दिल्ली स्थित स्वीडन दूतावास में आयोजित विदाई समारोह में सत्यांशु को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम स्पेशल ओलंपिक्स भारत, छत्तीसगढ़ इकाई, एसकेएफ इंडिया और स्वीडन दूतावास के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। समारोह में भारतीय टीम के विशेष खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों का सम्मान किया गया। खिलाड़ियों को जर्सी, ट्रैवल बैग, खेल सामग्री और अन्य जरूरी सामान सहित पूरी टीम किट प्रदान की गई। भारतीय टीम 11 जुलाई को नई दिल्ली से स्वीडन के गोथेनबर्ग के लिए रवाना हुई। टूर्नामेंट का आयोजन 12 से 18 जुलाई तक किया जाएगा। सत्यांशु दीप का चयन धमतरी और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि विशेष बच्चों के लिए प्रेरणा बन रही है। भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ के अलावा कई अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल हैं। अधिकारियों ने टीम के अच्छे प्रदर्शन और देश का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।

Source: Source