हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026 की ऑनलाइन टीचर ट्रांसफर प्रक्रिया के लिए अस्थायी कार्यक्रम जारी कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भेज दिए हैं। ट्रांसफर प्रक्रिया से पहले शिक्षकों के सेवा रिकॉर्ड, मेरिट अंक और कार्यकाल का सत्यापन किया जाएगा। शिक्षक 1 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक MIS पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत और सेवा संबंधी जानकारी अपडेट व सत्यापित कर सकेंगे। इसके बाद विभाग सत्यापित स्कोर और कार्यकाल की सूची प्रकाशित करेगा। यदि किसी शिक्षक को सूची में कोई त्रुटि दिखाई देती है तो वह निर्धारित समय में दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेगा। जिला और राज्य स्तरीय समितियां प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करेंगी। अंतिम स्कोर और कार्यकाल की सूची 29 और 30 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेरिट और पात्रता की गणना के लिए 31 जुलाई 2026 को कट-ऑफ तिथि माना जाएगा। सभी स्कूल प्रमुखों को समय पर डेटा सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गलत जानकारी या विसंगति पाए जाने पर संबंधित शिक्षक या अधिकारी के खिलाफ ट्रांसफर पॉलिसी-2026 और सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source