फरीदाबाद के सेक्टर-58 में महज 100 रुपए की चाट उधार न देने पर एक रेहड़ी संचालक और उसके परिवार पर हमला हो गया। आरोप है कि चाट उधार मांगने आए युवक ने पहले रेहड़ी संचालक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद जब परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर उन पर गंडासे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में चार लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दो घायलों का उपचार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक गांव झाड़सेंतली निवासी रूपचंद सेक्टर-58 में आलू-चाट की रेहड़ी लगाता है। रात करीब 9 बजे वह अपनी रेहड़ी पर मौजूद था, तभी पास में चिकन की दुकान लगाने वाला जयवीर उसके पास पहुंचा और 100 रुपए की चाट उधार मांगने लगा। रूपचंद ने उधार देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। रूपचंद के भाई मनीष ने आरोप लगाया कि उधार चाट देने से मना करने पर जयवीर ने उसके भाई को थप्पड़ मार दिया। जब वह और गेंदाराम बीच-बचाव करने पहुंचे तो जयवीर ने अपने भाई रवि और पिता सतबीर को बुला लिया और तीनों ने मिलकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने गंडासे और चाकू से हमला किया, जिसमें गेंदाराम के सिर में चोट आई, रोहित का कान कट गया और मनीष के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। थाना सेक्टर-58 के प्रभारी केवल सिंह के मुताबिक मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। Source: Source Post navigation बस्तर में माओवादी हिंसा थमी तो मुर्गा लड़ाई पर दांव: 20 लाख रुपये समेत 156 जुआरी पकड़े गए