पलवल के गांव घाघोट में चौथी क्लास में पढ़ने वाले छात्र दिनेश कुमार की हत्या के मामले में एडिशनल सेशन जज हेमराज मित्तल की कोर्ट ने उसके चाचा योगेश को उम्रकैद की सजा सुनाई है। जुलाई 2020 में योगेश ने अपने ही भतीजे को खेत में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी थी। छह साल तक चले इस केस में 26 लोगों की गवाही रिकॉर्ड की गई, जिसके बाद कोर्ट ने 6 नवंबर को फैसला दिया। कोर्ट ने आरोपी पर 1.60 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है और 1.50 लाख रुपए मृतक के परिवार को देने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पलवल को हरियाणा पीड़ित मुआवजा योजना-2020 के तहत परिवार को अतिरिक्त मुआवजा देने की सिफारिश भी भेजी है। 12 जुलाई 2020 को गांव घाघोट के रहने वाले मुस्मी रामचंद ने अमरपुर चौकी में शिकायत दी थी कि उसका पोता घर से खेलने के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पांच दिन बाद 16 जुलाई को दिनेश का शव गांव कटेसरा वाले रास्ते पर ईख के खेत से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम में सामने आया कि दिनेश की गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने जांच में उसके चाचा योगेश को शक के आधार पर गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि बच्चे के पिता से योगेश ने 2 लाख रुपए उधार लिए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह पैसे नहीं लौटा रहा था। पैसे मांगने पर हुए विवाद के बाद उसने बच्चे को मारने की साजिश रची। दिनेश अपने परिवार का इकलौता चिराग था। हत्या के बाद योगेश गांव में पहुंचा और पांच दिनों तक खुद परिवार के लोगों के साथ बच्चे की तलाश कराता रहा, लेकिन पुलिस ने कॉल डिटेल से उसका राज खोल दिया।

Source: Source