मिशन चौक के पास बंद मकान से बदबू आने पर सामने आए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मकान मालिक रामचंद्र पैंकरा 46 को गिरफ्तार ​कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक शोभाराम पिछले 20 साल से आरोपी के मकान में बिना किराया दिए रह रहा था। इसी बात पर दोनों में अक्सर विवाद होता था। 16 अगस्त को विवाद बढ़ गया। आरोपी ने हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। शोभाराम की मौके पर मौत हो गई। आरोपी शव को घर में छोड़कर भाग निकला। घटना के 5 दिन बाद 21 अगस्त को शव सड़ने लगा। दुर्गंध फैल गई। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोला। अंदर सड़-गल चुका शव मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को रामचंद्र पैंकरा पर शक हुआ। उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source