अमृतसर ऑस्ट्रेलिया से अमृतसर में अपनी कोठी बेचने के सिलसिले में आए एनआरआई सुनील शर्मा रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गए। इस संबंध में पुलिस चौकी बल कलां ने एनआरआई के मोहाली निवासी दोस्त दरिबजोत सिंह की शिकायत पर सुनील के रिश्तेदार सन्नी शर्मा के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई जसबीर सिंह ने बताया कि एनआरआई की तलाश के लिए पुलिस ने टीमें छापेमारी कर रही हैं। दरिबजोत सिंह ने शिकायत में उनका दोस्त सुनील शर्मा बच्चों के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहता है और उसकी मोहाली के फेज 10 में एक कोठी है। सुनील करीब एक माह पहले अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड आशियाना एस्टेट में अपनी कोठी बेचने के सिलसिले में भारत आया था। 21 मई शाम सुनील ने फोन कर बताया था कि 22 मई को सुबह मोहाली से अपनी गाड़ी में अमृतसर अपनी कोठी में पेंट का काम करवाने जा रहा है। इसके बाद 23 मई की सुबह से सुनील का मोबाइल फोन लगातार बंद आने लगा। अनहोनी की आशंका होने पर आशियाना एस्टेट में ही रहने वाले अपने एक परिचित गौरव किधारी को कोठी चेक करने के लिए भेजा। गौरव ने बताया कि कोठी पर ताला लटका है और सुनील की गाड़ी भी वहां मौजूद नहीं है। जब 24 मई को खुद अमृतसर पहुंचे और पड़ताल की तो पता चला कि कोठी का मुख्य गेट 22 मई से ही बंद था। उन्हें यकीन है कि सुनील को उसके रिश्तेदार सनी शर्मा निवासी ब्लू सिटी, मीरांकोट लोहारका बाईपास ने अपने साथियों के साथ मिलकर अगवा किया है और उसकी गाड़ी व फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है।

Source: Source