कांकेर जिला प्रशासन की हमर लक्ष्य योजना के तहत 51 आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता दी जा रही है। यह योजना कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन में चल रही है। जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी इसका मार्गदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को पढ़ाई कर रहे छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टोरेट पहुंचा और कलेक्टर से मिलकर आभार जताया। छात्रों ने कहा कि समय पर मिली इस मदद से उनकी पढ़ाई को नई दिशा मिली है। प्रतिनिधिमंडल में एमबीबीएस, बीडीएस, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, आईआईआईटी, शंकराचार्य कॉलेज और बीएससी नर्सिंग के 26 छात्र शामिल थे। छात्रों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण कई परिवारों के लिए उच्च शिक्षा संभव नहीं हो पाती। जिला प्रशासन की यह सहायता उनके लिए सहारा और प्रेरणा बनी है। छात्रों के अनुसार इस सहयोग से उनकी पढ़ाई नियमित बनी रहेगी और उनके लक्ष्य तक पहुँचने का भरोसा बढ़ा है। यह योजना विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हो रही है। मुलाकात के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद और डीएमसी नवनीत पटेल भी उपस्थित रहे।

Source: Source