अमृतसर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने यूके के हेनरी नोवाक मर्डर केस में सिख कौम और ककार (किरपाण) को निशाना बनाए जाने पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषी विक्रम सिंह डिगवा को मिली उम्रकैद की सजा बिल्कुल उचित है, लेकिन एक व्यक्ति के जुर्म की आड़ में पूरे सिख समुदाय को बदनाम करना और राजनीति करना एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वारदात में इस्तेमाल चाकू सिख कृपाण नहीं था और ब्रिटिश सरकार से सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले तत्वों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने यूके के सभी सिख संगठनों से हेनरी नोवाक के परिवार के साथ खड़े होने और उनका साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के साथ सिखों के रिश्ते नए नहीं बल्कि करीब 200 साल पुराने हैं। सिखों ने दुनिया की लड़ाइयों में ब्रिटेन के लिए लड़ाई लड़ी, मेहनत की और उसकी तरक्की में अपना योगदान दिया, इसलिए वहां की सरकार सिखों को पूरा आदर और सम्मान देती है। उन्होंने कहा कि हेनरी नोवाक मुद्दे का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए करके, एक व्यक्ति की गलती का दोष पूरी कौम के सिर पर डालने की कोशिश की जा रही है। जत्थेदार गड़गज्ज के यूके के समुदायों, सरकार और सिखों से अपील की कि आपस में मिल-जुलकर रहें और ऐसी साजिश और ऐसे लोगों की पहचान करने की जरूरत है जो सांप्रदायिक सद्भाव को बांटने की कोशिश कर रहे हैं और जानबूझकर ही लोगों में नफरत को फैला रहे हैं।

Source: Source