हरियाणा के नारनौल स्थित अटेली क्षेत्र के सिलारपुर गांव में चोरों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक साथ छह किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर हजारों मीटर बिजली की थ्री-फेज केबल चोरी कर ली। इस घटना से प्रभावित किसानों में दिनेश, शक्ति, सुनील कुमार, प्रदीप सिंह, कृष्ण और रामकिशन शामिल हैं। चोरों ने गांव के अन्य ट्यूबवेलों पर भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे। पीड़ित किसानों का कहना है कि गांव में पहले भी केबल और नोजल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे खेती के काम पर विपरीत असर पड़ रहा है और किसानों में असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय नियमित गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अटेली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसआई जसबीर सिंह को जांच का जिम्मा सौंपा गया है और पुलिस अब साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Source: Source