हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का कार्य 99.53 प्रतिशत पूरा हो चुका है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में यह कार्य शत-प्रतिशत पूरा होने की उम्मीद है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा ने गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 24 जुलाई कर दिया है। क्षेत्र के मतदाता इस बढ़ी हुई तारीख तक अपना प्रपत्र भरकर अपने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पास जमा करवा सकते हैं। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए करीब 250 बीएलओ ने 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर सत्यापन किया। एसडीएम कार्यालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में कुल 2 लाख 45 हजार 643 मतदाता पंजीकृत हैं। इस विशेष समीक्षा के दौरान विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से करीब 33 हजार 216 वोट काटे जाने की संभावना जताई गई है। हटाए जाने वाले नामों में 8,116 अनुपस्थित, 12,351 स्थानांतरित, 9,547 मृत व्यक्ति, 2,768 डुप्लीकेट और 434 अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य की परिस्थितियों को देखते हुए इस अभियान के संशोधित कार्यक्रम की समय-सीमा जारी कर दी है। अब 24 जुलाई तक मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के साथ-साथ बीएलओ द्वारा प्रपत्र एकत्र करने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा जिस पर दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। आम जनता 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेगी, जिनका निपटारा 28 सितंबर 2026 तक कर दिया जाएगा। सभी दावों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र की अंतिम एवं संशोधित मतदाता सूची आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी। एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने आम जनता से अपील की है कि वे समय पर अपना फॉर्म जमा करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे। Source: Source Post navigation कपूरथला में मतदाता सूची सत्यापन अभियान 3 अगस्त तक बढ़ा, 12 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम सूची सुकमा कांग्रेस की बड़ी मांग: जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों को करें रिहा, आत्मसमर्पित नक्सलियों को मिले 5 एकड़ जमीन और मकान