हरियाणा के पलवल अंतर्गत बहीन थाना क्षेत्र के आलीमेव गांव में हथियारों के बल पर घर में घुसकर महिलाओं और उनके परिवार पर जानलेवा हमला करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता रूबीना द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वारदात के वक्त उसके पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। गांव के ही आरोपी आकिब और जुबेदा उसकी जेठानी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे, जिसे बचाने के लिए रूबीना उसे घर के अंदर ले गई। इसी बात से तैश में आकर आरोपी आकिब, तस्लीम, जुबेदा और जुहुरु हाथों में कुल्हाड़ी, लाठी-डंडे और देसी कट्टा लेकर जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने रूबीना और उसकी जेठानी पर बर्बरता से हमला कर दिया, जिसमें रूबीना का हाथ टूट गया और उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। जब उनका देवर अजरू बीच-बचाव करने आया, तो आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया। शोर सुनकर जब ग्रामीण उन्हें बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। इसी बीच आरोपी तस्लीम ने अपनी जेब से देसी कट्टा निकालकर सभी को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। बहीन थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एक महिला सहित चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Source: Source