हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने लापरवाही के आरोपों में हिसार के 8 वरिष्ठ डॉक्टरों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की है। इनमें सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत भी शामिल हैं। विभाग ने हरियाणा सिविल सेवा नियम-2016 के नियम-8 के तहत कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने महानिदेशक को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों पर स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और काम में गंभीरता न दिखाने के आरोप हैं। विभाग के अनुसार, सभी अधिकारियों को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। अब 15 दिनों के भीतर सभी डॉक्टरों के खिलाफ आरोप पत्र का मसौदा तैयार किया जाएगा। तैयार ड्राफ्ट की कानूनी जांच विभागीय वकील से कराई जाएगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक से संबंधित दस्तावेज और सबूत जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का उद्देश्य मामले को मजबूत बनाकर आगे की कार्रवाई करना है।

Source: Source