हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होगी। बैठक में बागवानों, रोजगार, शिक्षा और आर्थिक मामलों से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा होगी। मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) में बड़े बदलावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। बागवानी विभाग ने सेब खरीद व्यवस्था में सुधार के लिए नए प्रस्ताव तैयार किए हैं। इसमें प्रत्येक बागवान से अधिकतम 30 बोरी सेब खरीद की सीमा तय करने का सुझाव शामिल है। सेब खरीद का भुगतान सीधे डीबीटी के माध्यम से करने पर भी विचार किया जा सकता है। खरीद केंद्रों की संख्या कम करने और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने जैसे फैसले भी संभव हैं। बैठक में विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने पर भी चर्चा होगी। वन, ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य विभाग के 650 से अधिक पदों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। वित्त विभाग राज्य की आर्थिक स्थिति पर प्रस्तुति देगा। इसके अलावा विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों पर भी कैबिनेट में फैसला हो सकता है।

Source: Source