लुधियाना के फील्ड गंज इलाके में मेडिकल शॉप विवाद के बाद युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने चार नामजद और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता चन्नप्रीत सिंह ने बताया कि वह पिछले करीब ढाई वर्षों से एक मेडिकल दुकान पर काम कर रहा है। आरोप है कि 18 जुलाई को दुकान पर काम करने के दौरान डाइपर को लेकर पड़ोसी दुकान के लोगों से विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, बहस बढ़ने पर जसप्रीत चावला उर्फ गोल्डी ने कथित तौर पर गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणियां कीं। इसके बाद हरप्रीत चावला उर्फ अंशु, अनूप और कुछ अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और उसकी पगड़ी उतारकर फेंक दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source