लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और उनके पति रवि आनंद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो दिल्ली रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है, जहां एक युवक दोनों का वीडियो बनाते हुए नजर आया। वीडियो बनाने वाले जोगिंदर सिंह ने दावा किया कि मेयर उसकी कजन हैं और उनसे 12.50 लाख रुपये लेने हैं। जोगिंदर सिंह का आरोप है कि वह करीब 14 वर्षों से अपनी रकम वापस लेने का प्रयास कर रहा है। उसने आरोप लगाया कि वीडियो बनाने के दौरान मेयर के पति ने उसके साथ मारपीट की। वहीं मेयर इंद्रजीत कौर ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जोगिंदर सिंह से उनका कोई पारिवारिक संबंध नहीं है और वह उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा है। मेयर ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर दिल्ली और लुधियाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। फिलहाल वीडियो को लेकर विवाद जारी है और मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Source: Source