हरियाणा के सिरसा में मंगलवार सुबह मानसून की पहली तेज बारिश ने शहर की व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। करीब चार घंटे तक हुई लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जलभराव के कारण बस स्टैंड, नेशनल कॉलेज जाने वाला रास्ता, परशुराम चौक, जनता भवन रोड, सुरतगढिया बाजार और रोड़ी बाजार जैसे प्रमुख इलाकों में आवागमन बाधित रहा। कई जगह ई-रिक्शा, बाइक और ऑटो बंद हो गए, जिन्हें चालकों को धक्का लगाकर निकालना पड़ा। ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी जलभराव के बीच सड़कों पर व्यवस्था संभालते नजर आए। बारिश से जहां किसानों को राहत मिली और फसलों को फायदा पहुंचा, वहीं शहर में जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठे। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

Source: Source