हरियाणा के हांसी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। गुरुग्राम से आ रही हरियाणा एक्सप्रेस यात्रियों के पूरी तरह उतरने से पहले ही चल पड़ी। ट्रेन के अचानक चलने से स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका और बड़ी दुर्घटना टल गई। एक यात्री ने स्टेशन मास्टर को घटना की लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार ट्रेन करीब ढाई घंटे की देरी से रात एक बजे हांसी पहुंची थी। प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को उतरने में परेशानी हुई। कुछ यात्री खिड़कियों से लटके रहे और सामान भी ट्रेन में छूट गया। यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों की लापरवाही की जांच की मांग की है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Source: Source