अमृतसर के कोट खालसा क्षेत्र में 24 घंटे बिजली बंद रहने से नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग कोट खालसा चौक पर पहुंचे और धरना दिया। प्रदर्शन के कारण करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बिजली संकट से कोट खालसा, सुंदर नगर, इंद्री कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग परेशान रहे। लोगों ने बताया कि बिजली बंद होने से पानी की समस्या भी खड़ी हो गई। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हुई और लोगों को बाहर से पानी खरीदना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने पावरकॉम और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने के बाद पावरकॉम अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने करीब 15 मिनट में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। पावरकॉम ने बताया कि स्टाफ की हड़ताल के कारण समस्या आई थी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद समय पर सुनवाई नहीं हुई, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

Source: Source