पंजाब के पठानकोट जिले के नरोट जैमल सिंह बिजली घर के आसपास के कई गांवों में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों ने आधी रात प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से उनके घरों में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी बढ़ गया है। गर्मी और मच्छरों के कारण ग्रामीणों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रिहायशी इलाकों में बिजली की कमी है, लेकिन पास के क्रशरों को लगातार बिजली दी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार भमदेव, नागकलां, कोहलियां, पम्मा और कुलियां समेत कई गांव चार दिनों से गंभीर बिजली समस्या झेल रहे हैं। लोगों ने बताया कि कई क्षेत्रों में कुछ मिनटों के लिए भी नियमित बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है। नागकलां पंचायत के प्रतिनिधि ने कहा कि शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से संतोषजनक समाधान नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं कुछ ग्रामीणों ने बिजली लाइन के जम्पर से छेड़छाड़ किए जाने का आरोप भी लगाया है। बिजली विभाग को इस समस्या की जानकारी दे दी गई है और ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Source: Source