उच्च शिक्षा विभाग ने रायपुर जिले में इस शैक्षणिक सत्र से दो नए सरकारी कॉलेज शुरू किए हैं। इनमें अभनपुर के बेन्द्री में शासकीय महाविद्यालय और नवा रायपुर अटल नगर में शासकीय संगीत महाविद्यालय शामिल हैं। दोनों संस्थानों में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। बेन्द्री कॉलेज में बीए, बीएससी (बायोलॉजी), बीएससी (मैथ्स) और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश दिए जाएंगे। बीए और बीकॉम में 90-90 सीटें तथा दोनों बीएससी पाठ्यक्रमों में 45-45 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होंगे। नवा रायपुर के संगीत महाविद्यालय में चार वर्षीय बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (बीपीए) पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। यहां शास्त्रीय गायन, कथक नृत्य और लोक संगीत की शिक्षा दी जाएगी। संगीत महाविद्यालय में कुल 40 सीटें उपलब्ध हैं और इसके लिए आवेदन ऑफलाइन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

Source: Source