पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने प्रदेश के तीन मामलों में सख्त रुख अपनाया है। आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने मीडिया रिपोर्टों के आधार पर स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज मामले में एसएसपी से जवाब तलब किया गया है। आयोग ने पूछा है कि प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की जरूरत क्यों पड़ी और क्या कार्रवाई की गई। जालंधर के फिल्लौर में अनुसूचित जाति समुदाय की युवती की हत्या मामले में भी रिपोर्ट मांगी गई है। आयोग ने पुलिस जांच की स्थिति और कथित देरी के कारणों की जानकारी मांगी है। शहीद भगत सिंह नगर के सहूंगरा गांव के श्मशानघाट विवाद पर भी प्रशासन से जवाब मांगा गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को 28 जुलाई तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।

Source: Source