पंजाब के फरीदकोट में तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह हुआ जब दोनों महिलाएं एक्टिवा से नहर की ओर जा रही थीं। मृतक महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं। उनकी पहचान संजना और पूजा के रूप में हुई है। दोनों घर के लिए पीने का पानी लेने नहर किनारे लगे नलकूप पर जा रही थीं। जहाज ग्राउंड के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दोनों महिलाओं को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और परिजनों ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source: Source