छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मलेरिया के नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। कोटा विधानसभा क्षेत्र के जंगल इलाकों में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि हुई है। औरापानी गांव के पास जंगल क्षेत्र में रहने वाले एक ही परिवार के तीन बच्चे संक्रमित पाए गए हैं। तीनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। विभाग की टीमें गांवों में पहुंचकर जांच और सर्वे अभियान चला रही हैं। आसपास के 72 गांवों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी संभावित मरीजों की पहचान के लिए लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। बारिश के मौसम में संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन मलेरिया के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।

Source: Source