हिसार पुलिस ने डिजिटल निमंत्रण कार्ड के नाम पर हो रही साइबर ठगी को लेकर लोगों को सतर्क किया है। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी अब शादी, जन्मदिन और अन्य कार्यक्रमों के फर्जी इनविटेशन कार्ड भेजकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर .apk फाइल भेज रहे हैं। ऐसी फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करने से मोबाइल का नियंत्रण ठगों के हाथ में जा सकता है। इसके जरिए बैंकिंग ऐप, ओटीपी, निजी फोटो और अन्य संवेदनशील जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है। पुलिस ने बताया कि हैक किए गए फोन से ठग पीड़ित के संपर्कों को भी ऐसी फाइल भेज सकते हैं। असली डिजिटल निमंत्रण आमतौर पर PDF, JPG या PNG फॉर्मेट में आते हैं। पुलिस ने अनजान नंबरों से आई .apk फाइल को डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी है। लोगों से ऐप केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से डाउनलोड करने की अपील की गई है। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।

Source: Source