अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह और राजप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अमृतसर के गांव चब्बा के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई असामाजिक तत्वों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। आरोपियों के कब्जे से 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, .32 बोर पिस्तौल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस के अनुसार, राजप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला के खिलाफ पहले से हत्या का मामला दर्ज है। मामले की जांच के लिए पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी। प्रारंभिक जांच में होटल विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि नौकरी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी दौरान कथित तौर पर फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया था। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Source: Source