पलवल जिला सीआईए टीम ने बंद मकान में चोरी के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भगतजी कॉलोनी निवासी लक्ष्मण उर्फ ललतू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार होडल की कृष्णा कॉलोनी में चोरी की वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता महिला अपने मायके गई हुई थी, तभी चोरों ने बंद घर का ताला तोड़ दिया था। चोरों ने अलमारी से 1.75 लाख रुपये नकद, जेवरात और कपड़े चोरी कर लिए थे। मामले में पुलिस पहले ही एक किशोर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच के आधार पर सीआईए टीम ने लक्ष्मण को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के घर से चोरी की रकम में से 7,500 रुपये बरामद किए गए। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Source: Source