कवर्धा सांसद संतोष पांडेय ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर जिले के विकास से जुड़े चार प्रमुख प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने बोड़ला विकासखंड के आदिवासी बहुल क्षेत्र तरेगांव जंगल में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग की। सांसद ने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को 32 से 60 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। दूरी के कारण कई छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ देते हैं। कॉलेज खुलने से करीब 100 गांवों के विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने तरेगांव जंगल से चरण तीरथ तक नई सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी रखा। यह मार्ग धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया है, लेकिन खराब सड़क के कारण लोगों को परेशानी होती है। इसके अलावा सहसपुर लोहारा से रेंगाखार जंगल तक सड़क चौड़ीकरण और घाट कटिंग कार्य की मांग की गई। सांसद ने मजगांव में सिंचाई सुविधा बढ़ाने के लिए मिनी बांध निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

Source: Source