लुधियाना के माछीवाड़ा बॉयज सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एक छात्र पर प्रिंसिपल से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में 11वीं कक्षा के छात्र ने कथित तौर पर रास्ते में प्रिंसिपल को रोककर थप्पड़ मारे। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से पहले ही छात्र मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। प्रिंसिपल ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। स्कूल प्रशासन ने छात्र के अभिभावकों को बुलाकर कार्रवाई करते हुए उसे स्कूल से टर्मिनेट कर दिया है। बताया जा रहा है कि छात्र को टैटू बनवाने को लेकर प्रिंसिपल ने डांटा था। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी छात्र की तलाश शुरू कर दी है। माछीवाड़ा थाना पुलिस वीडियो और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी छात्र फिलहाल घर से फरार है और उसे जल्द पकड़कर पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की पूरी जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

Source: Source