अमृतसर में बंद के दौरान लगाए गए अवरोध के कारण एक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान 57 वर्षीय रणबीर सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब पुलिस की एंटी राइट यूनिट में तैनात थे। जानकारी के अनुसार उनके दिव्यांग बेटे के एक्सीडेंट की सूचना मिलने के बाद वह ड्यूटी से घर के लिए रवाना हुए थे। उस समय भंडारी पुल पर वाल्मीकि समाज का धरना चल रहा था और यातायात नियंत्रित करने के लिए रास्तों पर बैरिकेडिंग व रस्सियां लगाई गई थीं। स्कूटी से जाते समय रणबीर सिंह का गला रास्ते में लगी रस्सी से टकरा गया। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एडीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिवार के अनुसार रणबीर सिंह की फरवरी 2027 में सेवानिवृत्ति होने वाली थी और वह पिछले दो महीने से अमृतसर में तैनात थे। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source