लुधियाना के ढोलेवाल पुल के पास देर रात विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में एक युवक का झुग्गीवासियों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर युवक ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर कई राउंड फायर कर दिए। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान एक युवक के सिर पर बोतल लगने से वह घायल हो गया। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से चार से पांच खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया था। प्राथमिक जांच में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान अमन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी थी या अवैध।

Source: Source