राजिम-रवेली मार्ग पर पुरानी रपटा नुमा पुलिया का आधा हिस्सा तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिया टूटने से इस मार्ग पर आवागमन जोखिमभरा हो गया है। आसपास के कई गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। अखबार वितरण और दैनिक आवागमन भी प्रभावित हुआ है। किसानों को खाद, बीज और कृषि सामग्री लाने-ले जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण वाहन फंस रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग जतमई और घटारानी मंदिर जाने का प्रमुख रास्ता है। पुलिया टूटने के बाद लोगों को राजिम-पाण्डुका या फिंगेश्वर होकर 7 से 8 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों बढ़ गए हैं। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Source: Source