गुरुग्राम में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने एक युवक को सिंथेटिक ड्रग MDMA के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 54 ग्राम MDMA बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ड्रग बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना के आधार पर HSNCB की टीम ने हीमगिरि भवन के पास कार्रवाई की। मौके से आरोपी की स्कूटी भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन निवासी गांव जाटू लोहारी, भिवानी के रूप में हुई है। वर्तमान में वह गुरुग्राम में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से प्लास्टिक की थैली में MDMA मिला। आरोपी के पास नशीले पदार्थ को रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ड्रग कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किन लोगों को करनी थी।

Source: Source