हरियाणा के पलवल में बंद मकान से लाखों रुपये के जेवर चोरी के मामले में सीआईए स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा के कालीदेह निवासी संजय और पलवल के शेखपुरा मोहल्ला निवासी हेमंत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के जेवर बेचकर मिली 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। मामला भीमसैन कॉलोनी निवासी देवराज के बंद मकान में हुई चोरी से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, मई महीने में परिवार के गांव जाने के दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। जांच के दौरान पुलिस ने पहले तेजपाल उर्फ तेजन को गिरफ्तार किया था। उससे चोरी के सामान की बिक्री से जुड़े कुछ रुपये और बाइक बरामद की गई थी। इसके बाद हेमंत और संजय को भी मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और चोरी के नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Source: Source