CGPSC की सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स रिजल्ट में कुछ नामों को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हुआ। मेरिट सूची में ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’ और ‘हे राम’ जैसे नाम सामने आने के बाद चर्चाएं तेज हो गईं। चयनित अभ्यर्थी ‘हे राम कश्यप’ ने कहा कि उनके नाम को लेकर बेवजह बहस की जा रही है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर उनकी मेहनत और सफलता के बजाय नाम और अफवाहों पर चर्चा हो रही है। हे राम ने बताया कि उन्होंने प्रीलिम्स के लिए अच्छी तैयारी की थी और चयन की उम्मीद थी। वह PSC की कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और इसके लिए बिलासपुर में रह रहे हैं। वह रोज करीब 5 से 6 घंटे पढ़ाई करते हैं और अब मुख्य परीक्षा की तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि CGPSC ने चयनित अभ्यर्थियों से वीडियो, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मंगाकर जांच की थी। उनके अनुसार आयोग ने नाम और दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद ही चयन सूची जारी की है। हे राम ने सोशल मीडिया पर नाम को लेकर बनाए जा रहे मीम्स को गलत बताया। उन्होंने लोगों से अभ्यर्थियों के नाम का मजाक उड़ाने के बजाय उनकी मेहनत और सफलता पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि उनका नाम दादी ने धार्मिक भावना के चलते रखा था और बचपन से दस्तावेजों में यही नाम दर्ज है। नाम को लेकर चर्चा से उन्हें तनाव हो रहा है, लेकिन उनका पूरा ध्यान अक्टूबर में होने वाली मुख्य परीक्षा में सफलता हासिल करने पर है।

Source: Source