गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम सदन की हाउस मीटिंग आज आयोजित की जाएगी। पिछली बैठक में मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर समर्थक पार्षदों के बीच जमकर विवाद हुआ था। बहस के बाद सदन में धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हंगामा हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसी तनाव को देखते हुए आज की बैठक में पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव करेंगी। आईएमटी सेक्टर-8 स्थित नगर निगम कार्यालय के मुख्य सभागार में बैठक होगी। इसमें मानेसर क्षेत्र के गांवों और सेक्टरों से जुड़े विकास प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। बुनियादी ढांचे, सफाई व्यवस्था, आगामी बजट और मानसून से जुड़ी समस्याएं भी एजेंडे में शामिल हैं। दोनों गुटों के पार्षद एक बार फिर आमने-सामने बैठेंगे। पिछली घटना को लेकर विपक्षी और सीनियर डिप्टी मेयर खेमे के पार्षद हंगामा कर सकते हैं। प्रशासन ने किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। बैठक में विकास प्रस्तावों को बिना विवाद आगे बढ़ाना मेयर के लिए बड़ी चुनौती होगी।

Source: Source