हिसार के गांव हरीकोट में घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना 11 अगस्त की रात करीब 11 बजे हुई थी। हरीकोट निवासी सत्यवान अपने घर में सो रहे थे, तभी बाहर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। शिकायत के अनुसार, घर के बाहर दो फायर किए गए थे। आवाज सुनकर परिवार और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस का खोल बरामद किया। जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बाइक सवार दो युवकों को फायरिंग करते देखा गया। पुलिस ने सूचना और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवर, मुकेश और पुनित के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो देसी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोल और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में थाना आजाद नगर में BNS की धारा 287 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Source: Source