मानसा की कृष्णा कॉलोनी में बुधवार शाम 40 वर्षीय महिला को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात हुई। हमलावर कार से आया और महिला पर गोली चलाने के बाद फरार हो गया। घायल महिला की पहचान 40 वर्षीय नीता रानी के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 7:15 बजे की बताई गई है। गोली लगने के बाद नीता रानी को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल मानसा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए AIIMS बठिंडा रेफर कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में हमलावर के महिला के बेटे का परिचित या दोस्त होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हमले की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। थाना सिटी-1 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के जरिए हमलावर के आने और फरार होने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश लगातार जारी है।

Source: Source