साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के भिलाई में तैनात सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर और एक बिचौलिए को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। CBI ने दोनों को 14 अगस्त को गिरफ्तार किया था। इससे पहले 13 अगस्त को ट्रैप कार्रवाई में अधिकारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। आरोप है कि लंबित बिलों को मंजूर करने के बदले अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये की मांग की थी। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 1 लाख रुपये तय हुई थी। CBI के अनुसार, अधिकारी के निर्देश पर बिचौलिए ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली थी। इसके बाद जांच एजेंसी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद CBI ने रायपुर और भिलाई स्थित अधिकारी के घर और कार्यालय की तलाशी ली। तलाशी के दौरान करीब 77 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा लगभग 14 लाख रुपये कीमत के जेवर भी मिले। दोनों आरोपियों को पहले चार दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया था। आज दोनों की कोर्ट में पेशी होगी। CBI आगे की जांच के लिए आरोपियों की रिमांड मांग सकती है। जांच एजेंसी नकदी और जेवर के स्रोत तथा रिश्वत से जुड़े अन्य लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है।

Source: Source