छत्तीसगढ़ के धमतरी में विधायक अजय चंद्राकर का भ्रामक वीडियो वायरल करने के आरोप में पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निराला और राकेश निराला के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार किया। दोनों भाई ‘आवाम की आवाज’ नाम से इंस्टाग्राम पेज चलाते हैं। वायरल वीडियो में अजय चंद्राकर को स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराते हुए दिखाया गया था। जांच में पुलिस ने वीडियो को पुराना और एडिटेड पाया। पुलिस के अनुसार, मूल वीडियो 22 मार्च 2026 को कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय के प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। आरोपियों ने पुराने वीडियो को डाउनलोड कर उसमें कथित तौर पर बदलाव किए। वीडियो में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े भ्रामक संदेश और तिरंगे का प्रतीक जोड़ा गया था। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। पुलिस ने राकेश निराला के मोबाइल की जांच में पार्टी का झंडा फहराने से जुड़ी तस्वीरें मिलने का दावा किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अभी वीडियो वायरल करने के कथित मकसद की जांच कर रही है।

Source: Source